महुआडांड़ : हर पंचायत में लगेगा LL-DL शिविर, DTO ने दी जानकारी

महुआडांड़ में LL-DL विशेष शिविर सभी पंचायतों तक पहुंचाने की मांग पर प्रशासन ने भरोसा दिया। पहले चरण के बाद दूसरे चरण में शेष पंचायतों में भी कैंप लगाए जाएंगे।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

ग्रामीणों की अपील के बाद प्रशासन का आश्वासन – पहले चरण के बाद सेकंड राउंड में हर पंचायत को मिलेगा लाभ

महुआडांड़ : सड़क सुरक्षा और युवा-नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा महुआडांड़ प्रखंड में LL-DL विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इस सराहनीय पहल की तारीफ करते हुए प्रखंड के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि लाइसेंस शिविर को प्रखंड की सभी पंचायतों में अलग-अलग आयोजित किया जाए।ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से अपील की है कि सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए चरणबद्ध तरीके से सभी पंचायतों को इस महत्वपूर्ण योजना से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे।

दूरी के कारण वंचित हो रहे दूरदराज के लोग

ग्रामीणों का कहना है कि कैंप वर्तमान में सीमित स्थानों पर ही लगाए जा रहे हैं, जिससे दूरदराज के कई युवा और महिलाएं इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। आने-जाने में समय और आर्थिक बोझ बढ़ने के कारण मजदूर और छात्र वर्ग के लोग काम-काज छोड़कर दूर स्थित कैंप तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सशक्त युवा, आत्मनिर्भर नारी – यही है नए महुआडांड़ की पहचान के संकल्प को तभी साकार किया जा सकता है जब प्रखंड की हर पंचायत के लोग इस अभियान से जुड़ें और उन्हें घर के पास ही सुविधा मिले।

लातेहार DTO ने दी आधिकारिक जानकारी

इस संबंध में लातेहार जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि तय समय में तय जगहों पर LL-DL विशेष शिविर के पूरा होने के बाद बाकी बचे सभी पंचायतों में भी चरणबद्ध तरीके से कैंप आयोजित किए जाएंगे। DTO ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रखंड की एक भी पंचायत इस सुविधा से वंचित न रहे। पहले चरण में चिन्हित स्थानों पर शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है। इसके पश्चात सेकंड राउंड में जिले की शेष सभी पंचायतों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य रखने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की।

लाइसेंस के बहुआयामी लाभ

प्रशासन के अनुसार ड्राइविंग लाइसेंस केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि यह अनुशासन, प्रशिक्षण और जिम्मेदारी का प्रमाण है। इससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, महिलाओं को आत्मनिर्भरता मिलेगी और दुर्घटना की स्थिति में 15 लाख रुपये तक की बीमा सुरक्षा का लाभ भी मिलेगा। महिलाओं की सुविधा के लिए कैंप में विशेष सहायता केंद्र की व्यवस्था भी की गई है।

रिपोर्ट-अनिल कुमार गुप्ता

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।