
रांची:झारखंड पुलिस महकमे में जल्द ही बड़े स्तर पर प्रशास निक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार मार्च महीने में डीएसपी रैंक के अधिकारियों का व्यापक तबादला कर सकती है। इसको लेकर पुलिस मुख्यालय में मंथन चल रहा है और संभावित सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। माना जा रहा है कि मार्च में ही ट्रांसफर-पोस्टिंग के आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
39 वेटिंग डीएसपी और 64 प्रमोटेड अधिकारियों को मिलेगी जिम्मेदारी
जानकारी के अनुसार, करीब 39 डीएसपी लंबे समय से वेटिंग फॉर पोस्टिंग में हैं। वहीं हाल ही में 64 इंस्पेक्टरों को पदोन्नत कर डीएसपी बनाया गया है। इन अधिकारियों को अब तक फील्ड में जिम्मेदारी नहीं मिली है। विभागीय स्तर पर सभी अधिकारियों की सेवा विवरण, अनुभव और जिलों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए नई पोस्टिंग सूची तैयार की जा रही है।
खाली पदों को भरने की तैयारी
हाल के प्रमोशन और विभागीय पुनर्गठन के बाद कई जिलों और इकाइयों में डीएसपी स्तर के पद खाली हो गए हैं। अपराध शाखा, ट्रैफिक, विशेष शाखा और जिला बल में रिक्त पदों को भरना सरकार की प्राथमिकता मानी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि नियमित तैनाती से पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और प्रशासनिक संतुलन भी बेहतर होगा।
सूत्रों का कहना है कि इस व्यापक फेरबदल का उद्देश्य कामकाज में तेजी लाना और लंबित मामलों के निपटारे में सुधार करना है। अब सभी की नजर मार्च में जारी होने वाली तबादला सूची पर टिकी है।
