
मेदिनीनगर : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित सोना सोबरन मांझी पुस्तकालय में मंगलवार को दो दिवसीय पुस्तक मेले का शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) जावेद हुसैन ने किया।
इस पुस्तक मेले में कुल 10 प्रकाशकों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां धार्मिक पुस्तकों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित सामग्री तथा विभिन्न प्रसिद्ध लेखकों की किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। मेले का उद्देश्य पाठकों में पढ़ने की रुचि बढ़ाना और विद्यार्थियों को उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन के बाद डीडीसी जावेद हुसैन समेत अन्य अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और पुस्तकों की विविधता की सराहना की। इस दौरान प्रशिक्षु आईएएस हिमांशु लाल और एडिशनल कलेक्टर कुंदन कुमार ने भी मेले का जायजा लिया।
कार्यक्रम में नागपुर विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विभाग की विभागाध्यक्ष शालिनी लिहितकर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने पुस्तकालयों के महत्व और डिजिटल युग में पढ़ने की आदत को बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
यह दो दिवसीय पुस्तक मेला स्थानीय छात्रों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों और साहित्य प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग मेले का लाभ उठाएंगे।
