बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने से मेदिनीनगर और जमशेदपुर के कई इलाके जलमग्न

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मेदिनीनगर/जमशेदपुर : पलामू जिले के मुख्यालय मेदिनीनगर और पूर्वी सिंहभूम जिले के मुख्यालय जमशेदपुर में कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। लगातार बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर बढ़ने से रिहायशी इलाकों में पानी घुस गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। जलस्तर बढ़ने का असर नदी के आसपास के निचले इलाकों में भी दिखा। बागबेड़ा नया बस्ती में पानी घुसने से करीब 50 घर प्रभावित हुए हैं।

पानी बढ़ने के बाद लोगों को अपना घर छोड़कर स्कूल में शरण लेनी पड़ी। देर रात तक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था।
इससे प्रभावित लोग अपने घरों का सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर निकलते रहे। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित लोगों को नया बस्ती, बागबेड़ा स्थित प्राथमिक स्कूल में शिफ्ट कराया है। वहीं, मेदिनीनगर के कंडू मोहल्ले में आज सुबह-सुबह उत्तरी कोयल नदी का पानी घुसने से 200 से अधिक घर डूब गए हैं और सड़कों पर पानी भर गया है। शुक्रवार की सुबह अचानक जलस्तर बढ़ने से पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर शहर के कई निचले और पिछड़े इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

कोयल नदी तटीय क्षेत्र पहाड़ी मोहल्ला के राहत नगर, गम्हाल रोड, आला एकेडमी आदि मार्ग के 200 से ज्यादा घरों में पानी भर गया। पूरा इलाका तालाब में तब्दील हो गया है। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। घरों के लोग कैदी बन कर रह गए हैं। यहां तक की दोपहिया वाहनों का आवागमन भी बाधित हो गया है। दर्जनभर स्कूल के वाहन इन क्षेत्रों में नहीं पहुंचे। इस कारण क्षेत्र के बच्चे स्कूल नहीं जा सके। बाढ़ से कई परिवारों को आंशिक नुकसान हुआ है। गम्हेल रोड, राहत नगर और झोपड़पट्टी क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।