केरलम के मुख्यमंत्री के नृत्य वाला एआई वीडियो मेटा ने भारत में प्रतिबंधित किया

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तिरुवनंतपुरम : मेटा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार उस वायरल वीडियो तक पहुंच भारत में प्रतिबंधित कर दी है जिसमें हालिया बिजली कटौती के मुद्दे को लेकर केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन को केरल राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) के अधिकारियों के साथ नृत्य करते दिखाया गया है। वीडियो के निर्माताओं ने सोमवार को यह जानकारी दी। इंस्टाग्राम पेज ‘एआईकवला’ को संचालित करने व्यक्ति ने बताया कि यह वीडियो बृहस्पतिवार को इस पेज पर पोस्ट किया गया था और रविवार तक इसे 1.78 करोड़ बार देखा जा चुका था।

सतीशन ने हाल में केरल उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में इस वीडियो का जिक्र करते हुए कहा था कि इसे देखकर वह काफी उत्साहित हुए। उन्होंने दावा किया था कि वह मलयालम अभिनेता मोहनलाल और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से बेहतर नृत्य कर सकते हैं। पेज के अनुसार, वीडियो में सतीशन को केएसईबी के अधिकारियों के साथ नृत्य करते दिखाया गया है और इसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से तैयार किया गया है। ‘एआईकवला’ ने रविवार को एक पोस्ट में कहा कि कानूनी अनुरोध का पालन करते हुए मेटा ने भारत में इस वीडियो तक पहुंच प्रतिबंधित कर दी है। वीडियो के निर्माताओं द्वारा साझा किए गए मेटा के संदेश में कहा गया है, ‘‘भारत सरकार से मिले नोटिस के आधार पर हमने भारत में आपकी सामग्री तक पहुंच सीमित कर दी है।’’

यह इंस्टाग्राम पेज संचालित करने वाले अभिजीत ने मीडिया से कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह प्रतिबंध मुख्यमंत्री की ओर से किसी आपत्ति के कारण लगाया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमें इसका कारण नहीं पता लेकिन मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंच पर इसकी सराहना की थी। इस वीडियो को अन्य देशों से देखा जा सकता है।’’ इससे पहले मेटा ने राज्य सरकार और सतीशन की आलोचना करने वाले कुछ समाचार वीडियो हटा दिए थे। सतीशन ने तब कहा था कि उनके कार्यालय की ओर से उन पोस्ट को हटाने का कोई अनुरोध नहीं किया गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने मेटा को पत्र लिखकर उन वीडियो को फिर से बहाल करने का अनुरोध किया था। मेटा ने बाद में उन वीडियो को हटाए जाने के लिए तकनीकी कारणों का हवाला दिया था।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।