21 साल बाद भावुक हुईं मिनिषा लांबा, फिल्म ‘यहां’ की यादें कीं साझा

Manu Shrivastava
2 Min Read
मिनिषा लांबा
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अभिनेत्री मिनिषा लांबा ने अपनी चर्चित फिल्म ‘यहां’ के 21 वर्ष पूरे होने पर उससे जुड़ी यादों को प्रशंसकों के साथ साझा किया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म की पूरी टीम के प्रति आभार भी जताया।

सोशल मीडिया पर साझा की खास यादें

मिनिषा लांबा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘यहां’ का एक विशेष क्लिप साझा किया। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने फिल्म से जुड़ी खूबसूरत यादों को याद करते हुए निर्देशक शूजित सरकार और सह-कलाकार जिम्मी शेरगिल के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। अभिनेत्री ने बताया कि यह फिल्म उनके करियर के सबसे महत्वपूर्ण पड़ावों में से एक रही है।

निर्देशक और सह-कलाकार का किया धन्यवाद

अपने भावुक संदेश में मिनिषा ने लिखा कि शूजित सरकार की फिल्म ‘यहां’ को 21 साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म में अदा का किरदार निभाने का अवसर उनके जीवन का यादगार अनुभव रहा। अभिनेत्री ने यह भी कहा कि फिल्म का हर दृश्य उनकी पहली फिल्म से जुड़ी अनमोल यादों को ताजा कर देता है। साथ ही उन्होंने जिम्मी शेरगिल की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद शानदार और आकर्षक कलाकार बताया।

कश्मीर की पृष्ठभूमि पर आधारित थी कहानी

साल 2005 में रिलीज हुई ‘यहां’ एक रोमांटिक वॉर ड्रामा फिल्म थी, जिसकी कहानी कश्मीर घाटी की पृष्ठभूमि पर आधारित थी। फिल्म में आतंकवाद और सैन्य परिस्थितियों के बीच पनपने वाले प्रेम को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया था। इसमें भारतीय सेना के एक अधिकारी और एक युवा कश्मीरी मुस्लिम लड़की के प्रेम और संघर्ष को दर्शाया गया था।

मनीषा के करियर की महत्वपूर्ण फिल्म

फिल्म में मिनिषा लांबा ने अदा नाम की कश्मीरी युवती की भूमिका निभाई थी, जिसे दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा था। कश्मीर के वास्तविक इलाकों में हुई शूटिंग ने फिल्म को और अधिक वास्तविकता प्रदान की। आज भी ‘यहां’ को मनीषा लांबा के करियर की यादगार फिल्मों में गिना जाता है।

Share This Article