संसद के बाहर आमने-सामने आए NDA और INDIA ब्लॉक के सांसद

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : संसद के मुख्य द्वार ‘मकर द्वार’ के बाहर मंगलवार को सत्तारूढ़ NDA और विपक्षी INDIA ब्लॉक के सांसद आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और अयोध्या में राम मंदिर के चंदे की कथित चोरी के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। स्थिति को संभालने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने दोनों पक्षों के बीच घेरा बना दिया। NDA सांसद संसद पुस्तकालय से अपनी साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक के बाद मकर द्वार की ओर मार्च करते हुए पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ ‘राहुल गांधी जवाब दो’ और ‘राहुल गांधी भागो मत’ जैसे नारे लगाए। भाजपा सांसदों का आरोप था कि राहुल गांधी देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे छात्र प्रदर्शनों पर संसद में बहस से बच रहे हैं।

वहीं, INDIA ब्लॉक के सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से 20 जुलाई को दिल्ली में पेपर लीक के आरोपों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई पर जवाब मांगा। विपक्षी सांसदों ने अयोध्या में राम मंदिर के चंदे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत अन्य विपक्षी सांसद शामिल हुए। सरकार ने सोमवार को देश के विभिन्न हिस्सों में हुए छात्र प्रदर्शनों पर गृह मंत्री अमित शाह के जवाब के साथ चर्चा की घोषणा की थी। इसके बाद राहुल गांधी ने कहा था कि देश संसद में शाह की ‘‘सामान्य विषयों’’ पर राय नहीं, बल्कि यह जानना चाहता है कि क्या उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पेलेट गन चलाने का आदेश दिया था।

भाजपा ने झारखंड में पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाया

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी ‘‘मानसिकता’’ दुनिया के सामने उजागर हो गई है। उन्होंने दावा किया कि झारखंड में भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र नाथ महतो के साथ मारपीट की गई। झारखंड में कांग्रेस सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है। भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी झारखंड में छात्रों के साथ कथित अत्याचार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि छात्रों को कथित तौर पर बुरी तरह पीटा गया तथा उनके खिलाफ पानी की बौछारें और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में जवाब मांगा जाना चाहिए।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।