


भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार अगले तीन वर्षों में राज्य में शिक्षकों के 45 हजार रिक्त पदों को भरेगी।शिक्षक दिवस के अवसर पर कटक स्थित ‘सेकंडरी बोर्ड हाई स्कूल’ में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने छात्रों से सोशल मीडिया पर समय बर्बाद नहीं करने और पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। माझी ने कहा, ‘‘राज्य सरकार अगले तीन वर्षों में प्रदेश के स्कूलों में शिक्षकों के 45 हजार रिक्त पदों को भरेगी।’’





मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक इंसान के निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें याद करते हुए माझी ने कहा कि ‘गुरु-शिष्य’ परंपरा भारतीय संस्कृति की अनूठी पहचान है। उन्होंने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण से लेकर सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य तथा हिंदू संत एवं दार्शनिक स्वामी विवेकानंद तक सभी के जीवन को आकार देने में गुरु की भूमिका निर्णायक रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज के दौर में भी ‘मिसाइल मैन’ एपीजे अब्दुल कलाम जैसी महान हस्ती ने देश के सर्वोच्च पद पर होने के बावजूद सबसे पहले शिक्षक कहलाना सम्मान की बात समझा।’’ राजनीति में आने से पहले शिक्षक रहे माझी ने छात्रों से बातचीत के दौरान उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देने और ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, ‘‘कृपया सोशल मीडिया पर अधिक समय बर्बाद न करें और अपने करियर के निर्माण पर ध्यान दें।’’ इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुछ शिक्षकों को सम्मानित भी किया।
