
भुवनेश्वर: ओडिशा पुलिस की एक टीम रविवार को बीजू जनता दल (बीजद) की मौजूदा विधायक मनोरमा मोहंती के पति के खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में उनके आधिकारिक आवास पर पहुंची।
कालाहांडी जिले से पुलिस अधिकारियों की एक टीम रविवार तड़के नरला विधायक के आवास पहुंची। मनोरमा के पति बीजद के ब्लॉक अध्यक्ष हैं।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि विधायक के पति के खिलाफ तहसीलदार को कथित तौर पर धमकी देने के लिए एक मामला दर्ज किया गया है।अधिकारी ने बताया कि तहसीलदार द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार
पर 15 मार्च को कालाहांडी जिले के नरला थाने में एक मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दावा किया कि मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस टीम रविवार सुबह विधायक के आधिकारिक आवास पर मामले से संबंधित नोटिस देने गई थी।
पुलिस ने हालांकि स्पष्ट किया कि आरोपी के खिलाफ कोई वारंट जारी नहीं किया गया है।अधिकारी ने बताया कि आरोपी वहां पुलिसकर्मियों को नहीं मिला। इस बीच, बीजद की युवा शखा के अध्यक्ष चिन्मय साहू ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा ने हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान नहीं करने के कारण पार्टी विधायक और उनके परिवार के खिलाफ ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ लिया है। भाजपा ने बीजद के इस आरोप पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
