रांची: संसद की कार्यवाही के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक की। इस बैठक में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी शामिल हुए। प्रधानमंत्री कार्यालय ने साफ निर्देश दिया कि इस बैठक में सिर्फ मुख्यमंत्रियों और संबंधित मुख्य सचिवों को ही शामिल किया जाए। साथ ही, बैठक की तस्वीर, वीडियो या खबर को सार्वजनिक करने पर रोक लगाई गई, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि झारखंड की ओर से मुख्यमंत्री ने क्या सुझाव दिए।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध के हालात से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों से सभी मुख्यमंत्रियों को अवगत कराया। उन्होंने राज्यों से कुछ जरूरी एहतियाती कदम उठाने को कहा और मुख्यमंत्रियों से उनके सुझाव भी लिए। प्रधानमंत्री ने संसद में पहले ही अमेरिका और इजरायल के साथ ईरान में जारी युद्ध की संभावित चुनौतियों को लेकर आगाह किया था। उन्होंने कोरोना महामारी की तरह भविष्य में उत्पन्न संकटों से निपटने की तैयारियों पर जोर दिया।
गौरतलब है कि युद्ध के असर से पेट्रोल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इससे आम जनता के जीवन और व्यवसाय पर बड़ा असर पड़ सकता है। साथ ही जरूरी चीजों की कीमतों में वृद्धि की आशंका भी जताई जा रही है। इससे पूरे देश की आर्थिक स्थिति और आम लोगों के जीवन पर दबाव बढ़ सकता है।


