Lohardaga News : लोहरदगा के मैना बगीचा के पास स्थित वर्मा सीमेंट दुकान पर गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना के बाद एक धमकी भरा मैसेज वायरल हुआ है, जिसमें राहुल सिंह गैंग की ओर से इस गोलीकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। सामने आए इस मैसेज में ‘आजाद सरकार’ का नाम भी लिखा हुआ है।
मैसेज के जरिए दुकान संचालक को यह धमकी दी गई है कि फोन कॉल रिसीव नहीं करने पर उन्हें दोबारा गोली मारी जाएगी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत और खौफ का माहौल बना हुआ है। हालांकि, पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस वायरल मैसेज की सत्यता और गोलीबारी की घटना में इसके तार जुड़े होने की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।


