भाजपा ने पायलट की बहादुरी पर ‘चुप्पी’ के लिए गांधी परिवार की आलोचना की

भाजपा ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति का आरोप लगाते हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित माचर की बहादुरी को 'दबाने' का आरोप लगाया।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: भाजपा ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर ‘चुप्पी’ के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की शुक्रवार को आलोचना की और गांधी परिवार तथा कांग्रेस पर ‘‘आतंकवादी के धर्म के कारण तुष्टीकरण की राजनीति’’ करने का आरोप लगाया।

सत्तारूढ़ पार्टी ने यह भी कहा कि यह कोई संयोग नहीं है, क्योंकि गांधी परिवार और विपक्ष के कई नेता वोट बैंक की राजनीति से प्रभावित हैं और “आतंकवाद का बचाव करने वालों” जैसा व्यवहार कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि जब पूरी दुनिया पायलट को सलाम कर रही है, तब लोकसभा में विपक्ष के नेता ने इस बारे में एक शब्द भी नहीं कहा है। उन्होंने कहा, “यह महज संयोग नहीं, बल्कि वोट बैंक की राजनीति की सोची-समझी मजबूरी है।”

भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी गाजा के मुद्दे पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर कई पोस्ट करते हैं, लेकिन उन्होंने मच्छार के लिए एक शब्द भी नहीं कहा या पोस्ट नहीं किया।

उन्होंने मच्छार की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ हुई टेलीफोनिक बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि पायलट ने 170 लोगों की जान बचाई और वह हनुमान भक्त हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार की वोट बैंक की मजबूरी ही उन्हें इस मुद्दे पर बोलने से रोकती है और इसलिए औपचारिकता के तौर पर उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से बयान जारी करवाया।

उन्होंने ममता बनर्जी समेत विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अन्य नेताओं की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, “आतंकवाद का बचाव करने वाले ये सभी लोग पूरी तरह चुप हैं, उनकी बोलती बंद है, क्योंकि वे वोट बैंक को देखते हैं, न कि भारत की शान, सम्मान और प्रतिष्ठा को।”

भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पायलट मच्छार से बात की, उनके साहस की सराहना की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

भाटिया ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘आज हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। कैप्टन स्मित मच्छार ने अप्रतिम साहस दिखाया और हर भारतीय को उन पर गर्व है। आज, प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार से बात की, उनके असाधारण साहस की प्रशंसा की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।’’

कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए भाटिया ने कहा, ‘‘ऐसे समय जब पूरा देश कैप्टन स्मित मच्छार पर गर्व महसूस कर रहा है तो विपक्ष के नेता राहुल गांधी उनके सम्मान में क्यों एक बयान नहीं जारी कर सकते या कोई पोस्ट नहीं कर सकते? सोनिया गांधी ने भी चुप्पी साध रखी है, प्रियंका गांधी वाद्रा भी चुप हैं।’’

उन्होंने आश्चर्य जताया कि क्या कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है और आतंकवादी का धर्म देख रही है।

भाटिया ने कहा, ‘‘क्या ऐसा इसलिए है क्योंकि तथाकथित और नकली गांधी परिवार तथा कांग्रेस पार्टी एक बार फिर तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है और आतंकवादी का धर्म देख रही है? क्या इसीलिए उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करना या उनके साहस की प्रशंसा करना भी जरूरी नहीं समझा?’’

उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी की ‘‘मोहब्बत की दुकान’’ में किसी भारतीय के साहस को मान्यता देने के लिए कोई जगह है?

इससे पहले दिन में, प्रधानमंत्री मोदी ने पायलट से फोन पर बात की, जिनका संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।