पाकिस्तान सरकार ने भारी जनाक्रोश के बाद पेट्रोल की कीमत में 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती की

पाकिस्तान में महंगाई के बीच बड़ी राहत, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल की कीमत में 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती की, नई दर आधी रात से लागू

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

इस्लामाबाद: ईंधन की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि के कारण भारी जनाक्रोश पैदा होने के एक दिन बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पेट्रोल की कीमत में 80 पाकिस्तानी रुपये की कटौती की घोषणा की है। शरीफ ने शुक्रवार देर रात अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने पेट्रोल पर लगाए अतिरिक्त शुल्क (लेवी) में 80 रुपये प्रति लीटर की कमी करने का फैसला किया है, जिससे उपभोक्ताओं को पेट्रोल 378 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा। सरकार ने बृहस्पतिवार को पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल की कीमतों में क्रमशः 43 प्रतिशत और 55 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि की घोषणा की थी।

पेट्रोल की कीमत 321.17 पाकिस्तानी रुपये से बढ़ाकर 458.41 रुपये प्रति लीटर कर दी गई थी, क्योंकि सरकारी लेवी 105 रुपये से बढ़ाकर 160 रुपये प्रति लीटर कर दी गई थी। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं पेट्रोल लेवी में तत्काल 80 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की कमी की घोषणा करता हूं।’’ उन्होंने बताया कि नयी कीमत 378 रुपये प्रति लीटर आधी रात से लागू हो जाएगी और देशभर के पेट्रोल पंपों पर इसी दर से पेट्रोल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमत कम से कम एक महीने तक नहीं बढ़ायी जाएगी।

शरीफ ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र की स्थिति के कारण पेट्रोलियम कीमतों में वृद्धि हुई है, लेकिन सरकार कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘सावधानीपूर्वक बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के जरिए हमने आपको महंगाई के इस तूफान से बचाने की कोशिश की।’’ शरीफ ने बताया कि पहले यह तय किया गया था कि संघीय कैबिनेट के सदस्य दो महीने तक वेतन नहीं लेंगे, लेकिन अब उन्हें छह महीने तक वेतन नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले तीन हफ्तों में मैंने रोजाना बढ़ती तेल कीमतों का बोझ जनता पर डालना उचित नहीं समझा, क्योंकि मैं आम आदमी की परेशानियों से भली-भांति वाकिफ हूं।’’ इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने कमजोर वर्गों के लिए राहत उपायों की घोषणा की, जिनमें मोटरसाइकिल उपयोगकर्ताओं के लिए 100 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी, माल ढुलाई वाहनों के लिए 70,000 से 80,000 रुपये, और यात्री वाहनों के लिए 1,00,000 रुपये की सहायता शामिल है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।