पटना एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला तीन जिंदा कारतूस, एयर इंडिया की फ्लाइट से जा रहा था दिल्ली

पटना एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से तीन जिंदा कारतूस बरामद, दिल्ली जाने से पहले CISF ने पकड़ा, आरोपी ने बताया अनजाने में हुई गलती, पुलिस जांच जारी

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : शनिवार की सुबह पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक यात्री के बैग से तीन जिंदा कारतूस बरामद किया गया। यात्री दिल्ली जाने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट पकड़ने एयरपोर्ट पहुंचा था। दरअसल, एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-1892 से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की रुटीन स्क्रीनिंग चल रही थी। इसी दौरान एक यात्री का बैग एक्स-रे मशीन से गुजरते वक्त संदिग्ध दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ (CISF) के जवानों ने तुरंत अलर्ट होते हुए बैग को अलग किया और उसकी तलाशी ली। इस बैग से .315 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।तुरंत एक्शन लेते हुए सीआईएसएफ ने यात्री को हिरासत में ले लिया और उसे एयरपोर्ट थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक की पहचान मोहसिन अली मासूमी के रूप में हुई है, जो पटना के फुलवारी शरीफ इलाके के पूर्णेन्दु नगर स्थित जय रघुराज टावर का रहने वाला है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो सफाई दी, उसने मामले को और उलझा दिया है। मोहसिन का दावा है कि उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि उसके बैग में कारतूस कैसे आए। उसने इसे अनजाने में हुई गलती बताया, हालांकि पुलिस इस दावे को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगालने में जुटी है। एयरपोर्ट थाना प्रभारी सुनील कुमार जायसवाल ने कहा कि यात्री दिल्ली जाने की तैयारी में था, लेकिन स्क्रीनिंग के दौरान उसके बैग से तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। सीआईएसएफ के लिखित आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कारतूस आखिर कहां से आए।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।