

पटना: बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय सरकार पर उनके खिलाफ एके-47 का इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद ने मंगलवार को सभी पक्षों से 19 अगस्त को पटना में लोकभवन मार्च के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने इसे राज्य सरकार के ‘‘तानाशाही रवैये’’ के खिलाफ मार्च बताया।





प्रसाद ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पेपर लीक, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, पक्षपातपूर्ण भर्ती प्रक्रिया और बेरोजगारी से सभी छात्र और युवा परेशान हैं। उनकी लोकतांत्रिक मांगों को सुनने के बजाय भ्रष्टाचार और शोषण की व्यवस्था पर बनी अहंकारी सरकार एके-47 से गोलियां चलाकर जवाब देती है। यह अन्याय है। इस तानाशाही और राज्य सरकार के तानाशाही रवैये के खिलाफ 19 अगस्त को पटना में सभी लोग एकजुट हों।’’
