
Palamu News : पलामू जिले के बैरिया चौक और जेएमपी परिसर के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान दीपू कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दीपू कुमार अपनी मोटरसाइकिल से चांदनी कुमारी और छोटी कुमारी को उनके घर छोड़ने जा रहा था। दोनों युवतियां बैरिया क्षेत्र में काम करती थीं और काम खत्म होने के बाद घर लौट रही थीं।
दो बाइकों की टक्कर के बाद हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेएमपी परिसर के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दीपू सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक चारपहिया वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, बाइक पर सवार दोनों युवतियां भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
स्विगी डिलीवरी राइडर ने की मदद
दुर्घटना के तुरंत बाद एक स्विगी डिलीवरी राइडर ने मानवता का परिचय देते हुए स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उठाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। सभी को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) ले जाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दीपू कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायल युवतियों का उपचार जारी है। उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल चारपहिया वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

