धनबाद : बारामुड़ी में खटाल हटाने की कार्रवाई को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जमीन की बढ़ती कीमत के कारण खटाल संचालकों को उजाड़कर भू-माफिया को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। खटाल संचालक सदियों से यहां रह रहे हैं। खटाल उनकी आत्मा, संस्कृति और आजीविका का हिस्सा है। उनकी संस्कृति और आत्मा के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बुधवार को ये बातें पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने कहीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में हमारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी बातचीत हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस मामले में पहल की जाएगी। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि बारामुड़ी के खटाल संचालकों को उनके हक से बेदखल नहीं होने दिया जाएगा। खटाल हटाने की कार्रवाई मेरी लाश पर ही हो सकती है। यह केवल जमीन का मामला नहीं, बल्कि हजारों लोगों की संस्कृति, सम्मान और आजीविका से जुड़ा हुआ है।

भाजपा के लोग बेवजह कांग्रेस और हेमंत सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। इस मामले में मेरी हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से भी बातचीत हुई है। हेमंत सोरेन ने भी इस मामले में पहल करने का आश्वासन दिया है।
खटाल के मामले पर भाजपा सरासर झूठ बोल रही है। गुरु जी शिबू सोरेन की पहल पर खटाल के लोगों को राज्य भर में न्याय मिला है। भाजपा की गिद्ध दृष्टि छत्तीसगढ़ और ओडिशा की तरह झारखंड पर भी है। लेकिन हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के आगे भाजपा की दाल नहीं गलेगी।

खटाल के मुद्दे पर सभी को आगे आना चाहिए। खटाल पप्पू यादव की आत्मा है और इसे किसी भी कीमत पर उजड़ने नहीं देंगे। खटाल में केवल यादव समाज के लोग नहीं, बल्कि आदिवासी, अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग के लोग भी रह रहे हैं। इन सभी लोगों के अधिकारों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है।


