
नयी दिल्ली: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल व्यापार तथा निवेश को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए स्पेन, बेल्जियम और फिनलैंड की पांच दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। वाणिज्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रतिनिधिमंडल में उन्नत विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, रत्न एवं आभूषण, खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य सेवा और डिजाइन जैसे क्षेत्रों की प्रमुख भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
बयान के अनुसार, गोयल 13 जुलाई को स्पेन में भारत-स्पेन व्यापार गोलमेज सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसमें दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रतिनिधि मोटर वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा, रेलवे, कृत्रिम मेधा (एआई), सेमीकंडक्टर, खाद्य प्रसंस्करण और पर्यटन क्षेत्रों में सहयोग और निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
बयान के अनुसार, भारत-यूरोपीय संघ (ईयू) व्यापार गोलमेज सम्मेलन और व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद (टीटीसी) की पूर्ण बैठक में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई), कारोबार सुगमता, टिकाऊ प्रौद्योगिकी और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
गोयल 14 और 15 जुलाई को बेल्जियम में थेल्स ग्रुप के प्रतिनिधि एलेन केवेरिन और सिलॉक्स ग्रुप के प्रतिनिधि जीन-क्रिस्टोफ बोगार्ट के साथ मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) स्तर की बैठकें करेंगे। गोयल 16 और 17 जुलाई को फिनलैंड में भारत-फिनलैंड व्यापार गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगे।

