
रांची : प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लोकसभा में भारत के वर्तमान हालात पर दिए गए जवाब पर असंतोष जाहिर किया है। श्री यादव ने कहा कि भारत और ईरान का रिश्ता सदियों से काफी मधुर रहा है। व्यावसायिक और सामाजिक रूप से दोनों की विचारधारा काफी सकारात्मक रही है लेकिन जब से देश में मोदी सरकार बनी है बीजेपी की कट्टरपंथी सोच के कारण भारत और ईरान के संबंध बिगड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल-अमेरिका की ओर से संयुक्त रूप से ईरान पर भीषण हमला करने का नैतिक विरोध नहीं किया और न ही शोक संवेदना व्यक्त की। जिसका नतीजा है कि वर्तमान में भारत में आर्थिक सामाजिक और व्यवसायिक रूप से परेशानियां बढ़ गई है।
नरेंद्र मोदी सरकार की कूटनीति और गलत विदेश नीति के कारण भारत को आगामी दिनों में एलपीजी, गैस, पेट्रोल, डीजल उर्वरक और खाद्य जैसे महत्वपूर्ण संसाधनों का संकट झेलना पड़ सकता है। क्योंकि इनकी अपस्पष्ट नीति के कारण एशिया में सभी पड़ोसी देशों से संबंध अच्छे नहीं है और न ही कोई सहयोग का भाव रखता है। वर्तमान समय में देशभर में एलपीजी की किल्लत से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। अगर यही स्थिति रही तो निश्चित रूप से पेट्रोल, डीजल, उर्वरक और खाद्य सहित सभी खाद्य पदार्थों के दामों में बढ़ोत्तरी होगी।भारत में रूपये के मुकाबले डॉलर की कीमत लगभग 94 रु हो गयी है। इससे स्पष्ट है कि आगामी 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद देश को बेतहाशा महंगाई का सामना करना पड़ेगा।
