लातेहार में उग्रवादी संगठन JJMP के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: लातेहार जिला में उग्रवादी संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के साथ हुई मुठभेड़ की समीक्षा को लेकर झारखंड जगुआर कैंपस में शनिवार को विशेष बैठक हुई।

आईजी अभियान अमोल होमकर के नेतृत्व में हुई इस बैठक में उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई और अभियान के दौरान किस तरह भविष्य में सतर्कता बरती जाये, इसे लेकर रणनीति बनायी गयी।

आईजी अभियान अमोल होमकर ने बताया कि झारखंड पुलिस को एक बड़ा नुकसान तो हुआ है, जिसका खामियाजा उग्रवादियों को भुगतना पड़ेगा।

लातेहार में उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है और उसी को लेकर यह समीक्षा बैठक की गयी है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को झारखंड के लातेहार जिला में हुई मुठभेड़ में डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार शहीद हो गये थे। उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के खिलाफ लातेहार में बड़ा अभियान चलाया जा रहा था।

दोपहर करीब तीन बजे झारखंड जगुआर के एसॉल्ट ग्रुप के प्रमुख राजेश कुमार के नेतृत्व में जवान उग्रवादियों की खोज में निकले थे।

इसी दौरान जेजेएमपी के उग्रवादियों से उनकी मुठभेड़ हुई, जिसमें झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार को गोली लगी और वह बुरी तरह जख्मी हो गये।

जख्मी राजेश कुमार को हेलिकॉप्टर से रांची लाने के क्रम में ही उनकी मौत हो गयी। इस दौरान पूरी बटालियन ने बहादुरी दिखाते हुए एक उग्रवादी को मार गिराया।

सर्च अभियान के दौरान झारखंड जगुआर की टीम ने मौके से दो अमेरिकन रायफल सहित कुल आठ हथियार बरामद किये।

Share This Article