
Project Milap : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस के प्रोजेक्ट मिलाप अभियान के तहत खरसावां थाना क्षेत्र से लापता महिला को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी सहायता से महिला का पता लगाने में सफलता मिली।
10 मई से थी लापता
खरसावां थाना क्षेत्र के गुडलू पदा गांव निवासी दश्मा बोयपाई (30), पत्नी मंगल बोयपाई, 10 मई को बिना किसी को बताए घर से चली गई थीं। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी।
तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्रोजेक्ट मिलाप के तहत खोज अभियान शुरू किया। तकनीकी शाखा की मदद से मोबाइल लोकेशन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का विश्लेषण किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम महिला तक पहुंचने में सफल रही और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंपा
बरामदगी के बाद महिला का सत्यापन एवं आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद उसे उसके पति मंगल बोयपाई के सुपुर्द कर दिया गया। महिला के सुरक्षित घर लौटने से परिवार में खुशी और राहत का माहौल है।
गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में कारगर साबित हो रहा प्रोजेक्ट मिलाप
सरायकेला-खरसावां पुलिस का प्रोजेक्ट मिलाप लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहा है। इस अभियान के माध्यम से गुमशुदा लोगों को खोजकर उनके परिवारों से मिलाने का कार्य किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी व्यक्ति के लापता होने पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

