बॉलीवुड की चर्चित लेकिन लंबे समय से अटकी बायोपिक को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, छह साल तक डेवलपमेंट में फंसे रहने के बाद धर्मा प्रोडक्शंस ने इस प्रोजेक्ट को आधिकारिक तौर पर फिर से शुरू कर दिया है. फिल्म भारत की खुफिया एजेंसी रॉ के संस्थापक रमनाथ काओ की जिंदगी पर आधारित होगी.
ऋतिक रोशन को ऑफर हुआ था किरदार
रिपोर्ट्स के अनुसार, उस समय करण जौहर ने फिल्म की स्क्रिप्ट ऋतिक रोशन के साथ शेयर की थी. अभिनेता ने रॉ के दिग्गज संस्थापक का किरदार निभाने में काफी दिलचस्पी दिखाई थी. हालांकि, ऋतिक ने इस प्रोजेक्ट को कभी आधिकारिक तौर पर साइन नहीं किया था. इसके बावजूद उनका नाम लंबे समय तक इस बायोपिक से जुड़ा रहा.
आरएन काओ की कहानी पर बनेगी फिल्म
यह फिल्म नितिन गोखले की चर्चित बायोग्राफिकल किताब ‘R.N. Kao: Gentleman Spymaster’ का स्क्रीन एडॉप्टेशन होगी. आरएन काओ भारतीय खुफिया तंत्र के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण नाम माने जाते हैं. फिल्म के जरिए उनके करियर, रणनीतिक सोच और भारत की बाहरी खुफिया व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी भूमिका को पर्दे पर दिखाने की कोशिश की जाएगी.
छह साल तक क्यों अटकी रही फिल्म?
इस बायोपिक पर लंबे समय से काम चल रहा था, लेकिन कई कारणों से यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ पाया. अब धर्मा प्रोडक्शंस ने इसे दोबारा सक्रिय कर दिया है. हालांकि, नई स्टारकास्ट और निर्देशन से जुड़ी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि आरएन काओ की भूमिका आखिर किस अभिनेता के हिस्से आती है.
11 अगस्त 2028 को सिनेमाघरों में आएगी
फिल्म की रिलीज डेट भी लॉक कर दी गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरएन काओ की यह बायोपिक 11 अगस्त 2028 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी. इतने लंबे इंतजार के बाद प्रोजेक्ट के दोबारा शुरू होने से दर्शकों की उत्सुकता बढ़ना तय है. अब नजरें फिल्म की आधिकारिक कास्टिंग और शूटिंग अपडेट पर रहेंगी.


