

अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण की मच अवेटेड साइंस-फिक्शन फिल्म ‘राका’ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, हॉलीवुड स्टार विल स्मिथ फिल्म में मुख्य विलेन का किरदार निभा सकते हैं। हालांकि, अभी इस कास्टिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
2025 में हुई थी रोल को लेकर बातचीत
मिड डे की रिपोर्ट के अनुसार, विल स्मिथ को इस भूमिका के लिए 2025 में अप्रोच किया गया था। बताया जा रहा है कि मेकर्स और अभिनेता के बीच करीब एक साल से बातचीत चल रही है। अब खबर है कि सितंबर के बाद वह फिल्म के अपने हिस्से की शूटिंग शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं।
विदेश में होगी शूटिंग?
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि विल स्मिथ के सीन्स की शूटिंग विदेश में हो सकती है। हालांकि, शूटिंग के लिए लोकेशन अभी फाइनल नहीं हुई है। अगर यह कास्टिंग पक्की होती है, तो ‘राका’ भारतीय सिनेमा और हॉलीवुड के बीच एक बड़ा कनेक्शन बनाने वाली फिल्म साबित हो सकती है।
अल्लू अर्जुन और विल स्मिथ का फेस-ऑफ होगा खास
विल स्मिथ के संभावित विलेन बनने की खबर ने फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर लोग अल्लू अर्जुन और विल स्मिथ के संभावित आमने-सामने को भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े और अनोखे क्रॉसओवर में से एक बता रहे हैं।
बड़े सितारों से सजी फिल्म
एटली के निर्देशन में बन रही ‘राका’ में अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण पहले से ही प्रमुख भूमिकाओं में हैं। अब विल स्मिथ का नाम जुड़ने की रिपोर्ट ने फिल्म का कद और बढ़ा दिया है। अगर खबर सच साबित होती है, तो यह भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल हो सकती है।
