पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बाबा बासुकीनाथ धाम में की पूजा-अर्चना, सरकार पर साधा निशाना

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बाबा बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना की, जनता और कानून व्यवस्था पर विचार साझा किए, साथ ही धार्मिक भावनाओं का सम्मान जरूरी बताया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुमका: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास रविवार को अपने सहयोगियों और परिवार के साथ बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। इस मौके पर जमशेदपुर से आए समर्थक भी मौजूद रहे। पूजा के दौरान रघुवर दास ने राज्यवासियों के सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की। उन्होंने बाबा बासुकीनाथ की मंगल आरती कर झारखंडवासियों के उज्जवल भविष्य की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में कुछ समय बिताने के बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से भी मुलाकात की।

कार्यकर्ताओं से मुलाकात और बाजार दौरा

पूजा-अर्चना के बाद रघुवर दास ने मंदिर कार्यालय में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इसके बाद वे बासुकीनाथ बाजार भी पहुंचे, जहां दुकानदारों से हालचाल जाना और उनका हाल पूछा। लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

सरकार पर वादे पूरे न करने का आरोप

मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए कई बड़े वादे अब धरातल पर नहीं उतर रहे हैं। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना का उदाहरण देते हुए बताया कि 18 से 50 वर्ष की महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा था, लेकिन कई लाभार्थी अभी भी इससे वंचित हैं।

कानून व्यवस्था पर चिंता

रघुवर दास ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है। राज्य की बहू-बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं।

धार्मिक टिप्पणी पर नाराजगी

पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पर विधानसभा में हिंदू देवी-देवताओं को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान होना चाहिए और इस तरह की टिप्पणियाँ स्वीकार्य नहीं हैं। रघुवर दास ने कहा कि जनता सब देख रही है और ऐसे बयानों को लेकर लोग नाराज हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।