अनुपम खेर के भाई और अभिनेता-निर्देशक राजू खेर ने अपने करियर के एक मुश्किल दौर को याद किया है। उन्होंने बताया कि एक टीवी प्रोजेक्ट के लिए उन्होंने अपना घर तक बेच दिया था। नए चैनल के लॉन्च होने की खबर के बीच उन्होंने अपनी सारी उम्मीदें इस प्रोजेक्ट से जोड़ दी थीं।

‘लाइफ के लिए कुछ भी करेगा’ में लगाया पैसा
राजू खेर के मुताबिक, एक नया चैनल लॉन्च होने वाला था और कई कलाकार व प्रोडक्शन टीमें उसके लिए पायलट तैयार कर रही थीं। समझौते भी हो चुके थे। राजू ने भी लाइफ के लिए कुछ भी करेगा नाम का एक कार्यक्रम बनाया था। उन्होंने घर बेचकर मिली रकम से दूसरे स्थान पर फ्लैट खरीदा और इस प्रोजेक्ट में पैसा लगाया था।
अचानक गायब हो गया पूरा चैनल
राजू ने बताया कि सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन अचानक उन्हें पता चला कि जिस चैनल के लिए यह प्रोजेक्ट बनाया जा रहा था, वह ही गायब हो चुका है। उन्होंने उस स्थिति को याद करते हुए बताया कि चैनल के दफ्तर पर सिर्फ ताला लगा मिला। इस घटना ने उन्हें आर्थिक रूप से काफी मुश्किल स्थिति में पहुंचा दिया।
किराया देने का भी बना दबाव
प्रोजेक्ट रुकने के बाद राजू के सामने घर का किराया चुकाने की चिंता भी खड़ी हो गई। ऐसे समय में उन्हें लगा कि वह अपने भाई अनुपम खेर से मदद मांग सकते हैं। राजू ने बताया कि उस वक्त वह किसी और से अपनी परेशानी साझा नहीं कर सकते थे और उन्हें उम्मीद थी कि भाई उनका साथ देंगे।
अनुपम से भी नहीं मिली तत्काल मदद
राजू के मुताबिक, उस समय अनुपम खेर खुद भी काम को लेकर मुश्किल दौर से गुजर रहे थे। इसलिए उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिल पाई। राजू ने स्वीकार किया कि उस वक्त उनके मन में यह विचार आया था कि भाई उनकी मदद कर सकते थे, लेकिन बाद में उन्हें परिस्थितियों की दूसरी तस्वीर समझ आई।
बाद में समझ आया भाई का संघर्ष
राजू खेर ने महसूस किया कि अनुपम खेर की सफलता को देखकर यह मान लेना सही नहीं था कि उनका सफर आसान रहा होगा। उनके भाई ने भी अपने करियर में कई संघर्षों का सामना किया था। इस अनुभव ने राजू को मुश्किल समय और परिवार के रिश्तों को एक अलग नजरिए से देखने का मौका दिया।


