
रामगढ़: रामगढ़ में अमूल दूध से भरा एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में वाहन के चालक और खलासी घायल हो गए। हादसे के बाद दूध के कई कैरेट सड़क और आसपास की झाड़ियों में बिखर गए।यह घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के छतरमांडू गांव के पास ओल्ड एज होम के सामने बुधवार सुबह हुई। दूध वाहन जमशेदपुर से अमूल दूध लेकर बरलंगा–गोला मार्ग होते हुए रामगढ़ आ रहा था। रास्ते में पहले से पलटे एक ट्रेलर को देखकर चालक घबरा गया और वाहन का संतुलन खो बैठा। इसके बाद वाहन सड़क पर पलट गया और दूध के कैरेट चारों ओर बिखर गए।
बाद में बचे हुए दूध के कैरेट को दूसरे वाहनों के जरिए जिले के अलग-अलग इलाकों में भेजा गया। हालांकि इस घटना के कारण कुछ जगहों पर दूध की आपूर्ति प्रभावित हुई।दुर्घटना में अमूल दूध ले जा रहे वाहन का चालक और खलासी घायल हो गए। इसके बाद अमूल कंपनी के कर्मचारी और स्थानीय दूध विक्रेता भी मौके पर पहुंचे और बिखरे हुए दूध के कैरेट को इकट्ठा किया।
मिली जानकारी के अनुसार सड़क किनारे पहले से एक ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलटा हुआ था। अचानक सामने ट्रेलर देखकर दूध वाहन के चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
