रांची: झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है। सरकार ने चारों शहरों के लिए कुल 400 ई-बसों का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत प्रत्येक शहर में 100-100 ई-बसें चलाने का प्रस्ताव है। इनमें स्टैंडर्ड, मिडी और मिनी बसें शामिल हो सकती हैं। ई-बसों की खरीद केंद्र सरकार की पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत की जायेगी। वित्त विभाग की मंजूरी के बाद संबंधित प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जायेगा। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद बसों की खरीद और संचालन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
तैयार होगा इंफ्रास्ट्रक्चर
ई-बसों के संचालन से पहले चारों शहरों में जरूरी आधारभूत सुविधाएं विकसित की जायेंगी। बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन, संचालन व्यवस्था और आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जायेगा। बसों के परिचालन के लिए रूट और यात्रियों की जरूरत के अनुसार व्यवस्था विकसित करने की योजना है।सरकार का मानना है कि ई-बसों के परिचालन से शहरों में लोगों को बेहतर और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा। सार्वजनिक परिवहन मजबूत होने से निजी वाहनों पर निर्भरता और सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है।



