
मिठाई की दुकान में छापेमारी, जांच में क्या-क्या मिला?
जानकारी के अनुसार, त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में अधिकारियों ने तुपुदाना स्थित एक मिष्ठान भंडार में छापेमारी की।

जांच के दौरान टीम को दुकान में एक्सपायरी दूध और नकली पनीर मिला। इसके अलावा मिठाइयां तैयार करने में कपड़ों को रंगने वाले रंगों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई।
कपड़े के रंग से तैयार की जा रही थीं मिठाइयां
छापेमारी के दौरान मिठाई बनाने में इस्तेमाल हो रही संदिग्ध रंगीन सामग्री भी अधिकारियों की नजर में आई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए संबंधित मिठाइयों को जब्त कर लिया।
करीब 100 किलो मिलावटी सामान कराया गया नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलो मिलावटी पनीर, मिठाई और दूध को नष्ट कराया।
इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और लोगों को मिलावटी सामान से बचाना है।
त्योहारों में मिठाई खरीदते समय रहें सावधान
इस घटना के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी रहती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों को साफ संदेश दिया गया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और अखाद्य रंगों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


