रांची : रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास जमीन के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद पर झारखंड हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस आनंद सेन की अदालत ने मामले की सुनवाई करते हुए रक्षा मंत्रालय से जवाब मांगा है। अदालत ने यह भी पूछा है कि संबंधित जमीन पर सेना किस आधार पर अपना दावा कर रही है।

सुनवाई के दौरान अदालत ने रक्षा मंत्रालय को जमीन पर दावे से जुड़ी अधिसूचना या अन्य संबंधित दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया। साथ ही विवादित जमीन पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया गया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यदि सेना उक्त जमीन पर किसी तरह का निर्माण करना चाहती है, तो इसके लिए पहले अदालत से अनुमति लेनी होगी।

याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सुमित गाड़ोदिया ने अदालत को बताया कि एयरपोर्ट के पास स्थित जमीन उनकी है। उनके अनुसार जमीन का सेल डीड मौजूद है और दाखिल-खारिज की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जमीन का लगान भी लगातार सरकार के पास जमा किया जा रहा है।
अधिवक्ता ने अदालत को बताया कि इसके बावजूद उक्त जमीन पर सेना की जमीन होने का बोर्ड लगा दिया गया है। याचिकाकर्ता नीलिमा प्रसाद का आरोप है कि उन्हें अपनी ही जमीन पर जाने से रोका जा रहा है।
मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने रक्षा मंत्रालय को जमीन पर सेना के दावे का आधार स्पष्ट करने और संबंधित दस्तावेज अदालत में पेश करने का निर्देश दिया। फिलहाल कोर्ट के आदेश के बाद विवादित जमीन पर स्थिति यथावत रहेगी।


