
रांची : राजधानी रांची के डोरंडा ईदगाह में ईद के मौके पर शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ नमाज़ अदा की। सुबह से ही ईदगाह में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी थी और नमाज़ के दौरान पूरा माहौल भाईचारे और उत्साह से भरा नजर आया।

इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। डोरंडा थाना की थानेदार स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करती दिखीं। पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि नमाज़ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे इलाके में आपसी सौहार्द और खुशी का माहौल देखने को मिला। प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के सहयोग से ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
