रांची: दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए रांची नगर निगम ने बड़ी पहल की है। त्योहार के दौरान सप्तमी, अष्टमी, नवमी और विजयादशमी इन चार दिनों तक शहर में रात के समय विशेष मुफ्त सिटी बस सेवा शुरू की जाएगी, जिससे लोग आसानी से विभिन्न पूजा पंडालों का दर्शन कर सकें। नगर निगम की इस विशेष व्यवस्था में महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी। शहर के प्रमुख इलाकों जैसे नामकुम, हटिया, कांके और रातू सहित 176 से अधिक पूजा पंडालों को जोड़ने के लिए 6 प्रमुख मार्गों पर प्रति रूट दो-दो सिटी बसें देर शाम से लेकर देर रात तक चलाई जाएंगी, ताकि श्रद्धालु दर्शन के बाद सुरक्षित अपने घर लौट सकें।

निर्धारित 6 प्रमुख रूट पर चलेंगी बसें
ओरमांझी चौक से ट्रैकर स्टैंड (वाया बरियातू)
कांके चौक से जाकिर हुसैन पार्क (वाया कांके रोड)
तुुपूदाना चौक से होटल रेडिसन ब्लू चौक (वाया बिरसा चौक, हिनाू)
धुर्वा से होटल रेडिसन ब्लू (वाया बिरसा चौक और हिनाू)
धुर्वा से कांटाटोली चौक (वाया हरमू रोड, अरगोड़ा, कडरू, सुजाता चौक और मुंडा चौक)
रामपुर से कांटाटोली चौक (वाया नामकुम)
पार्किंग शुल्क में 50% की छूट
सार्वजनिक स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं का ख्याल रखते हुए नगर निगम ने पूजा के दौरान शहर के सभी सुलभ शौचालयों को 24 घंटे खुला और पूरी तरह से मुफ्त रखने का निर्णय लिया है। इसके अलावा बड़े पंडालों और मुख्य रास्तों के पास मोबाइल और मॉड्युलर टॉयलेट की भी व्यवस्था की जा रही है। उप नगर आयुक्त रवींद्र कुमार ने बताया कि इन व्यवस्थाओं का मुख्य उद्देश्य उत्सव के दौरान स्वच्छता, सुलभता और आम जनता को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करना है। इसके साथ ही, सरकारी छुट्टियों और शनिवार-रविवार को निगम के पार्किंग स्थलों पर शुल्क में 50 प्रतिशत तक की कटौती लागू रहेगी, जबकि पहले 10 मिनट के लिए पार्किंग पूरी तरह से नि:शुल्क रहेगी।
24 घंटे खुला रहेगा कंट्रोल रूम
सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक समस्याओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नगर निगम ने 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया है। शहरवासी किसी भी शिकायत या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 18005701235 पर संपर्क कर सकते हैं।


