
रांची : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झारखंड वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 1 से 5 जून तक पूरे राज्य में पर्यावरण सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पर्यावरण सप्ताह की शुरुआत 1 जून को जैव विविधता पार्क में स्वच्छता अभियान और सेव अर्थ मानव श्रृंखला के साथ हुई। इस अभियान के जरिए लोगों को प्रकृति संरक्षण और स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया गया।
2 जून को होरहाप इको-टूरिज्म साइट पर स्वच्छता अभियान, ट्रेकिंग और बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 3 जून को सुबह 6 बजे से वन भवन, डोरंडा से ऑक्सीजन पार्क तक साइक्लोथॉन निकाला जाएगा। इसी दिन पलाश हॉल से हिनू चौक तक वॉकाथॉन का भी आयोजन होगा। इसमें आम नागरिक, विद्यार्थी और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि हिस्सा ले सकेंगे। 4 जून को पलाश हॉल में स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जहां बच्चे पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मकता दिखाएंगे।

