रांची के बिरसा मुंडा जेल में बंद पूर्व मंत्री योगेंद्र साव को इलाज के लिए भेजा जायेगा दिल्ली

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार जेल में बंद पूर्व मंत्री योगेंद्र साव इलाज कराने दिल्ली जाएंगे। जानकारी के अनुसार होटवार जेल में बंद पूर्व मंत्री योगेंद्र साव एक बार फिर से ग्लूकोमा का इलाज कराने एम्स दिल्ली जाने वाले हैं।

जेल आईजी ने उनके आवेदन पर विचार करते हुए इलाज के लिए सात दिनों की स्वीकृति दी है।

डाक्टर से समय मिलने के बाद उनकी सुरक्षा में रांची पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जायेगी। सात दिनों की अवधि उनके जेल छोड़ने के दिन से शुरू होगी। स्वीकृत अवधि समाप्ति पर वह वापस जेल में लौट आएंगे।

हॉस्पिटल में तत्काल भर्ती नहीं किए जाने की स्थिति और इलाज में एक सप्ताह से ज्यादा वक्त लगने पर उन्हें दिल्ली के तिहाड़ जेल में सुरक्षा के अधीन रखा जाएगा।

कारा महानिरीक्षक ने अपर महानिदेशक तिहाड़ जेल नई दिल्ली को भी इसकी सूचना दी है।

उनके दिल्ली जाने की जानकारी दिल्ली के हौज खास पुलिस स्टेशन नई दिल्ली के थानेदार को भी दी गई है।

योगेंद्र साव अभी आधा दर्जन से अधिक मामलों में विचाराधीन कैदी के रूप में रांची के होटवार जेल में बंद हैं।

उल्लेखनीय है कि योगेंद्र साव पिछले साल भी ग्लूकोमा के इलाज के लिए एम्स दिल्ली गए थे। वे इलाज के लिए दिल्ली तो गए थे।

लेकिन पंजाब-हरियाणा में घूमते देखे गए थे। उनकी सुरक्षा में तैनात छह पुलिसकर्मियों को कर्तव्यहीनता व लापरवाही के मामले में निलंबित किया गया था। इन पुलिसकर्मियों का लोकेशन पंजाब, हिमाचल, जम्मू तथा यूपी में मिला था।

Share This Article