झारखंड में Congress के चार मंत्री हर शनिवार जनता दरबार लगाकर निपटायेंगे लोगों की समस्याएं

News Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड सरकार में शामिल कांग्रेस कोटे के मंत्री प्रत्येक शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जनता दरबार लगायेंगे। इस दौरान आम जन एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनी जायेंगी।

यह जानकारी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और ग्रामीण विकास मंत्री सह पार्टी विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने बुधवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में दी।

दोनों नेताओं ने माना कि कोरोना सहित विभिन्न वजहों से सरकार और संगठन में समन्वय की कमी रही है। अब इसे दूर करने के लिए आम जनता के साथ-साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद कायम करने की पहल की जा रही है।

जनता दरबार में सरकार के मंत्री लोगों से सीधे रूबरू होंगे और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा सरकार में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व करने वाले चारों मंत्री हर महीने छह जिले का दौरा कर लोगों से संवाद कायम करेंगे।

इसी कड़ी में कृषि मंत्री बदल पत्रलेख बुधवार को गढ़वा जिले के दौरे पर हैं।

गुरुवार को ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम हजारीबाग और रामगढ़ दौरे पर जायेंगे। मंत्रियों के दौरे के दौरान जिलों के आला अधिकारियों को भी उपस्थित रहने को कहा गया है।

मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि सरकार लोगों के घर तक जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कृतसंकल्प है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार जल्द पंचायत चुनाव कराना चाहती है। सरकार की तरफ से सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। चुनाव की तारीखों के बारे में निर्वाचन आयोग निर्णय लेगा।

Share This Article