
रांची: राजधानी रांची में बीते कुछ दिनों से रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे लोगों के लिए अब राहत भरी खबर सामने आ रही है। प्रशासन और गैस कंपनियों के बीच हुई अहम बैठक के बाद हालात सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए गए थे, जिनका असर अब धीरे-धीरे दिखने लगा है। उपायुक्त ने साफ निर्देश दिए थे कि हर हाल में उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई थी कि आदेश का पालन नहीं करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद गैस एजेंसियां हरकत में आईं और अपनी डिलीवरी व्यवस्था को दुरुस्त करना शुरू कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, शहर की 8 गैस एजेंसियों ने सिलेंडर वितरण के लिए कुल 43 रूट तय किए हैं। मंगलवार को इन सभी रूटों पर गैस की सप्लाई की जाएगी, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अभी भी कुछ एजेंसियों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। एजेंसियों का कहना है कि वे जल्द ही लंबित ऑर्डर यानी बैकलॉग को खत्म करने की दिशा में तेजी से काम कर रही हैं।
उधर, गैस कंपनियों की तरफ से भी रोजाना पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे हालात के पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद बढ़ गई है। इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी के प्रतिनिधि रवि भट्ट के अनुसार, मंगलवार को अमरावती कॉलोनी, कृष्णापुरी, द्वारकापुरी और चुटिया इलाके में गैस सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी।
