रांची : सदर अस्पताल के प्रांगण से सोमवार को एचआईवी और एड्स के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में इस बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारियों और एड्स कंट्रोल सोसाइटी के सदस्यों के साथ-साथ एएनएमटीसी की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
रैली के दौरान डॉ तवा रिजीवी, डॉ सोहन और जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा एड्स कंट्रोल सोसाइटी से कंचन, नवीन सहित अस्पताल के अन्य पदाधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
रैली के माध्यम से शहरवासियों को एचआईवी से बचाव के उपाय, सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच कराने और नियमित उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया। हाथों में जागरूकता संदेश और नारे लिखे तख्तियां लिए प्रतिभागियों ने लोगों से अपील की कि वे एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के प्रति किसी भी प्रकार का भेदभाव न रखें और उनके साथ सहयोगात्मक व संवेदनशील व्यवहार अपनाएं।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से समाज में बीमारी से जुड़े डर को कम करने में मदद मिलती है। पूरे कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय तक एचआईवी/एड्स से जुड़ी सही और सटीक जानकारी पहुंचाना था, ताकि जागरूक नागरिक मिलकर एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।


