झारखंड विधानसभा ने रामचंद्र चंद्रवंशी को चुना वर्ष 2021 का उत्कृष्ट विधायक, 22 को स्थापना दिवस पर होंगे सम्मानित

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड विधानसभा ने भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी को वर्ष 2021 का उत्कृष्ट विधायक चुना है।

उन्हें आगामी 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सम्मानित किया जायेगा।

झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में संपन्न उत्कृष्ट विधायक चयन समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बता दें कि झारखंड विधानसभा में प्रत्येक वर्ष एक उत्कृष्ट विधायक का चयन कर उन्हें विधानसभा स्थापना दिवस पर सम्मानित किये जाने की परंपरा रही है।

इस वर्ष उत्कृष्ट विधायक के चयन के लिए बनी समिति में संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी, मनोनीत विधायक जे गॉलस्टेन, विधानसभा के प्रभारी सचिव और पत्रकार आनंद मोहन शामिल थे।

रामचंद्र चंद्रवंशी 1995 में पलामू के विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार राजद के टिकट पर विधायक चुने गये थे। उन्हें बिहार सरकार और झारखंड में पूर्ववर्ती रघुवर सरकार में मंत्री भी रहने का मौका मिला।

इसके बाद वे 2005, 2009, 2014 और 2019 में भी इसी क्षेत्र से विधायक चुने गये। उत्कृष्ट विधायक चुने जाने पर रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि यह सम्मान उनके क्षेत्र की जनता को समर्पित है।

झारखंड विधानसभा ने अब तक 17 विधायकों को इस सम्मान से नवाजा है। इनमें विशेश्वर खां, हेमलाल मुर्मू, राजेंद्र प्रसाद सिंह, लोकनाथ महतो, अन्नपूर्णा देवी, राधाकृष्ण किशोर, पशुपति नाथ सिंह, इन्दर सिंह नामधारी, जनार्दन पासवान, माधवलाल सिंह, रघुवर दास, लोबिन हेम्ब्रेम, प्रदीप यादव, स्टीफन मरांडी, बिमला प्रधान, मेनका सरदार और नलिन सोरेन शामिल हैं।

Share This Article