
Ranchi News : सावन के पवित्र महीने की शुरुआत से पहले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर महापौर रोशनी खलखो ने 18 जुलाई को चुटिया स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध ‘इक्कीसो महादेव धाम’ क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने मंदिर परिसर की स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने नगर निगम के पदाधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सावन के दौरान यहां आने वाले हजारों शिवभक्तों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सफाई से लेकर बुनियादी सुविधाओं को समय पर दुरुस्त करने की जिम्मेदारी निगम अधिकारियों की होगी।
महापौर ने इक्कीसो महादेव धाम को एक प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि इसे संरक्षित रखने के लिए निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस कार्य में निरंतर प्रयासरत स्थानीय लोगों के प्रयासों की भी सराहना की। हरमू नदी में चल रहे सफाई अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि अब ठोस कचरे के बहाव में कमी आई है।
इसके बावजूद मंदिर के समीप नदी क्षेत्र में जहां भी कचरा जमा है, उसे जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए गए हैं। हर वर्ष उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए निगम इस पुनीत कार्य में हर संभव सहयोग प्रदान करेगा ताकि श्रद्धालु सुगमता से जलाभिषेक कर सकें।

