मोरहाबादी मैदान : दुकानों को हटाने पहुंची इनफोर्समेंट टीम, नहीं हटाने पर होगी कार्रवाई

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रांची के मोरहाबादी मैदान में शनिवार सुबह से ही नगर निगम की इंफोर्समेंट की टीम पहुंची। टीम अपने अधिकारी के आदेश का इंतजार कर रही है। इसके बाद मोरहाबादी के सभी दुकानों को हटा दिया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि बीते गुरुवार को मोरहाबादी मैदान के पास गोलीबारी हुई थी। इसमें एक बदमाश कालू लांबा मारा गया था। इसके बाद शुक्रवार को एसडीओ ने मोरहाबादी में धारा 144 लागू कर दिया है।

साथ ही मैदान के आस पास लगने वाले दुकानों को हटाने का आदेश दिया था। सभी दुकानों को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है।

अगर, 24 घंटे में दुकानदार खुद नहीं हटेंगे तो पुलिस और नगर निगम की टीम कार्रवाई करेगी। यहां लगने वाले ठेला, खोमचा, दुकान में जमावड़ा लगने के कारण दुकानें लगाने पर रोक लगा दी गई है।

दूसरी ओर जिला प्रशासन के इस नोटिस का विरोध भी शुरू हो गया है। प्रशासन की ओर से मोरहाबादी मैदान के पास लगने वाले दुकानों को हटाने का आदेश दिया गया है।

इससे हजारों दुकानदारों और वहां काम करने वाले स्टाफों को रोजी-रोटी की समस्या सताने लगी है। दुकानदार अपने दुकान बचाने के लिए सड़क पर उतर आये है। इस आंदोलन में महिला और पुरुष दुकानदार भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि हम लोग विरोध में जुटे रहेंगे। एक साथ रहेंगे और इसका विरोध करते रहेंगे। यहां से हमलोगों की कमाई होती है। घर परिवार चलता है।

बच्चों की पढ़ाई लिखाई होती है। अगर हम लोगों को यहां से हटना पड़ेगा तो अंत में हम लोगों को चोरी-डकैती का सहारा लेना पड़ेगा। हमें बंदूक उठाने की जरूरत पड़ जाएगी।

सरकार को बदमाशों को पकड़ना चाहिए ना कि हमलोगों को यहां हटाना। हमलोग प्रशासन का हमेशा सपोर्ट करने को तैयार हैं।

दुकानदारों ने कहा कि 15 दिन के लिए दुकान अगर नहीं लगाना है तो चलेगा लेकिन पूरी तरह से दुकान हटाने की बात नहीं मानेंगे। प्रशासन अपने फैसले पर पुनर्विचार करे।

उल्लेखनीय है कि रांची नगर निगम की ओर से 24 घंटे में दुकानें हटाने का अनाउंसमेंट किया गया है।

Share This Article