
Ranchi Municipal Corporation : रांची नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में होल्डिंग टैक्स कलेक्शन के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। निगम ने 30 जून तक कुल 48,02,39,390 रुपये का होल्डिंग टैक्स कलेक्ट किया, जो 88,675 करदाताओं से प्राप्त हुआ।
नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 30 जून तक एकमुश्त होल्डिंग टैक्स जमा करने वाले करदाताओं को नियमावली के अनुसार अधिकतम 10 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान की गई। इस योजना का लाभ बड़ी संख्या में नागरिकों ने उठाया, जिससे कर संग्रहण में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
होल्डिंग टैक्स कलेक्शन के विभिन्न माध्यमों में डिजिटल भुगतान सबसे आगे रहा। 27,267 करदाताओं ने ऑनलाइन माध्यम से 17,35,27,959 रुपये का भुगतान किया। वहीं, नगर निगम मुख्यालय एवं डोरंडा अंचल स्थित जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से 11,525 करदाताओं ने 5,44,80,144 रुपये का कर जमा किया। इसके अलावा शेष राशि अन्य स्वीकृत माध्यमों से प्राप्त हुई।
रांची नगर निगम ने समय पर संपत्ति कर का भुगतान करने वाले सभी करदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। निगम ने कहा कि प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर में आधारभूत सुविधाओं के विकास, स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा नागरिक सेवाओं के विस्तार में किया जाएगा। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर संपत्ति कर का भुगतान कर शहर के समग्र विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

