
रांची: शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने और इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने गुरुवार को बड़ी पहल की। 9 जुलाई को हटिया विधायक नवीन जायसवाल और रांची की महापौर रोशनी खलखो ने संयुक्त रूप से नगर निगम की कई प्रमुख सड़क व नाली निर्माण परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। जिसके तहत वार्ड संख्या 43 में नए पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास, वार्ड संख्या 52 अपर हटिया क्षेत्र में पीसीसी पथ निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। वहीं वार्ड संख्या 48 में पीसीसी पथ के साथ-साथ आरसीसी नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। जबकि वार्ड संख्या 36 पीसीसी पथ निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। कार्यक्रम में गणमान्य लोगों में वार्ड 48 के पार्षद अमित मिंज, वार्ड 36 की पार्षद निहारिका कुमारी, वार्ड 52 के पार्षद पीटर खोया के अलावा कृष्णा मिश्रा, विशाल साहू, सुप्रिया दुबे और स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इन सड़कों और नालियों के बन जाने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा होगी और जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलेगी।

