
Ranchi Municipal Corporation : रांची नगर निगम की कार्रवाई के खिलाफ अपर बाजार के व्यापारियों ने एकजुट होकर विरोध जताया है। वहीं ‘रांची नगर निगम किरायेदार संघ’ का गठन कर मुकेश अग्रवाल को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया है।
अग्रसेन भवन में आयोजित इस बैठक में 150 से अधिक व्यापारियों ने भाग लिया और निगम द्वारा भवन खाली कराकर मल्टी-स्टोरी कॉम्प्लेक्स बनाने की संभावित योजना पर गहरा रोष व्यक्त किया।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि वे 1960 से बाजार टांड़ में दुकानें बनाकर व्यापार कर रहे हैं और निगम की इस कार्रवाई से उनकी आजीविका पर संकट आ जाएगा।
इसके अलावा पिछले 15 वर्षों से पेंडिंग बकरी बाजार में पार्किंग व्यवस्था की मांग को भी जोर-शोर से उठाया गया। अपनी मांगों और अधिकारों की रक्षा के लिए संघ की ओर से कई निर्णय लिए गए है। जिसमें 3 अगस्त को झारखंड चैंबर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल नगर विकास विभाग के मंत्री से मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराएगा।
रांची नगर निगम द्वारा जारी किए गए नोटिस को हाईकोर्ट में चुनौती दी जाएगी। साथ ही अधिक से अधिक किरायेदारों को जोड़कर एकजुटता के साथ आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में कुणाल आजमानी, गोवर्धन गाड़ोदिया, मनीष सर्राफ, प्रेम कटारुका और अनीश बुधिया समेत सैकड़ों स्थानीय व्यापारी उपस्थित थे।

