
रांची: राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र से चोरी की बड़ी घटना सामने आयी है। जहां देवी मंडप रोड में विजय कुमार साहू के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने मुख्य दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुसे और अलमीरा तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी ले भागे। बताया जा रहा है कि चोरी का आंकड़ा करीब 16 लाख रुपये है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि चोरों ने मेन गेट के दरवाजे का लॉक तोड़ा फिर अलमीरा में रखे सोने-चांदी के गहने, कीमती जेवरात और नकदी अपने साथ ले गए। जब घर के सदस्य वापस आए तो दरवाजा टूटा हुआ था और घर का सामान बिखरा पड़ा था। विजय कुमार साहू ने बताया कि घर में शादी और अन्य पारिवारिक जरूरतों के लिए जेवरात और नकदी रखी थी। चोरों ने सबकुछ साफ कर दिया। परिवार इस घटना से काफी सदमे में है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
