
रांची: शहर के कई इलाकों में सोमवार (16 मार्च) को लोगों को कई घंटों तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ सकता है। बिजली विभाग ने मेंटेनेंस और तकनीकी काम को लेकर पहले ही सूचना जारी कर दी है। विभाग के मुताबिक अलग-अलग फीडरों में काम होने के कारण कुछ क्षेत्रों में तय समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। बिजली विभाग के अनुसार कोकर डिवीजन के आरएमसीएच सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाले बड़गाईं फीडर में आरडीएसएस योजना के तहत काम किया जाएगा। इस योजना के तहत पुराने एलटी के नंगे तारों को कवर केबल में बदला जाएगा और कई जगहों पर नए पोल भी लगाए जाएंगे। इस काम के चलते सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक प्रगतिशील कॉलोनी, बड़गाईं और आसपास के इलाकों में ट्रांसफार्मर बंद रहेगा। ऐसे में इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
उधर डोरंडा अवर प्रमंडल के तहत आने वाले 11 केवी राजेंद्र चौक फीडर में भी मेंटेनेंस का काम किया जाएगा। इस वजह से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कई इलाकों में बिजली सप्लाई बंद रहने की संभावना है। इस बिजली कटौती का असर रेहसलदार नगर, डोरंडा हॉस्पिटल, 108 एंबुलेंस ऑफिस और आसपास के इलाकों पर पड़ सकता है। बिजली विभाग ने लोगों से अपील की है कि तय समय को ध्यान में रखते हुए जरूरी काम पहले से निपटा लें और तैयारी कर लें। गौरतलब है कि इन दिनों शहर के कई हिस्सों में एलपीजी गैस की किल्लत की शिकायत भी सामने आ रही है। ऐसे में सप्ताह की शुरुआत में ही बिजली कटौती से लोगों की रोजमर्रा की दिनचर्या पर असर पड़ सकता है।
