
DC Manjunath Bhajantri : रांची जिले के निजी अस्पतालों के प्रबंधकों के साथ उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई अहम निर्देश जारी किए।
बैठक में डीसी ने स्पष्ट कहा कि इलाज के दौरान मरीज की मृत्यु होने पर किसी भी स्थिति में शव को रोका नहीं जाए, खासकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मामले में। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बिल या भुगतान के कारण परिजनों को शव देने में देरी न की जाए।
इसके अलावा बैठक में आयुष्मान भारत योजना, फायर सेफ्टी, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और अस्पतालों में पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। डीसी ने सभी निजी अस्पतालों को आयुष्मान पोर्टल पर नियमित डिजिटल अपडेट करने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान योजना के निर्धारित रेट से अधिक शुल्क वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को इलाज और खर्च से जुड़ी स्पष्ट जानकारी देना अनिवार्य होगा।

