
Big theft in Ranchi on the Night of Ram Navami : रामनवमी की रात रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। वेस्ट सरोवर नगर, देवी मंडप रोड निवासी सुजीत कुमार गुप्ता के बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए चोर लाखों की संपत्ति लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सुजीत कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ पूजा के बाद गुमला स्थित अपने गांव गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
घर लौटने पर पीड़ित ने देखा कि दरवाजों के ताले टूटे हुए हैं और अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। चोरों ने चार दरवाजों के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी के लॉकर तक काट दिए। इसके बाद चारों अलमारियों को खंगालते हुए गहनों की तलाश में पूरे घर को अस्त-व्यस्त कर दिया।
पीड़ित के मुताबिक, चोर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और लगभग 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। खास बात यह है कि चोरों ने केवल गहनों और नकदी को ही निशाना बनाया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन्हें घर की पहले से पूरी जानकारी थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रकाश सोय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में रात की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
