
रांची : 27 मार्च 2026 को एक ओर जहां रामनवमी का पावन पर्व मनाया जाएगा, वहीं दूसरी ओर CBSE की 12वीं बोर्ड परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। इन दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों को ध्यान में रखते हुए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय हो गया है।
परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यापक और सुव्यवस्थित तैयारियां की हैं। परीक्षा केंद्रों तक छात्रों की आसान और समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। साथ ही सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण और निगरानी के स्तर पर विशेष प्रबंध किए गए हैं।
रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों और संभावित भीड़ को देखते हुए शहर में विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान भी लागू किया गया है। प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि जुलूस मार्ग और परीक्षा केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे, ताकि किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न न हो और छात्र समय पर अपने परीक्षा केंद्र पहुंच सकें।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पूरी तरह शांत एवं सतर्क रहें। साथ ही सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
इसके अतिरिक्त, सार्वजनिक परिवहन आंशिक रूप से प्रभावित हो सकता है। ऐसे में अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे पहले से योजना बनाकर बच्चों को समय से पहले परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएं। छात्रों को भी निर्धारित समय से पहले घर से निकलने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा में शामिल हो सकें।
