विधान सभाध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो से मिला श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट का प्रतिनिधिमंडल

रांची में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो से मुलाकात की। उन्हें मंदिर और निराश्रितों की सेवा करने वाले आश्रम में आने का निमंत्रण दिया।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट का एक प्रतिनिधिमंडल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल के नेतृत्व में झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो से उनके आवास पर रविवार को मिला। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विधानसभा अध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मुलाकात के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने श्री महतो को रांची के पुंदाग स्थित ट्रस्ट की ओर से संचालित भव्य श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां धार्मिक आयोजनों, पूजा-अर्चना एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से धर्म और संस्कृति के संरक्षण का कार्य किया जाता है।

प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर के ऊपरी तल पर संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में निराश्रित, दिव्यांग और जरूरतमंद प्रभुजनों के लिए किए जा रहे सेवाकार्यों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। पदाधिकारियों ने बताया कि आश्रम में असहाय लोगों को भोजन, देखभाल, चिकित्सा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। यह सेवा कार्य मानवता, करुणा और परोपकार की भावना से संचालित है। इस दौरान ट्रस्ट की ओर से विधानसभा अध्यक्ष श्री रविंद्र नाथ महतो को श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर एवं सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में पधारने का सादर आमंत्रण दिया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए मंदिर एवं आश्रम आने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ, अरविंद अग्रवाल, दीपेश निराला, पवन पोद्दार और उमाशंकर सिंह शामिल थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।