
रांची : रांची के रिम्स प्रांगण स्थित मंदिर में तेज साउंड में बज रहे भजन को रिम्स डायरेक्टर ने बंद करा दिया। इसके बाद मंदिर के पुजारी और रिम्स डायरेक्टर के बीच कहासुनी हो गई। डायरेक्टर ने मंदिर के अंदर जाकर जबरन भजन बंद कराया, जिससे लोग नाराज हो गए। इस दौरान रिम्स परिसर में हंगामे का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर बरियातू थाना की पुलिस रिम्स परिसर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस के सामने डायरेक्टर ने बताया कि अस्पताल में विभिन्न प्रकार के मरीज भर्ती हैं, जिनमें गंभीर मरीज भी शामिल हैं, खासकर न्यूरो विभाग में। ऐसे में तेज आवाज में बजने वाले भजन और गाने मरीजों के लिए हानिकारक हो सकते हैं। इसी कारण भजन को बंद कराया गया।
वहीं, पुजारी और आसपास के लोगों ने रिम्स डायरेक्टर पर धर्म विरोधी होने का आरोप लगाया और विरोध जताया। उनका कहना था कि मंदिर में भजन बजने से कोई परेशानी नहीं होती।
इस मामले पर बरियातू थाना पुलिस ने बताया कि किसी भी पक्ष ने अभी तक लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस ने मौके पर ही दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दी। यदि किसी पक्ष द्वारा शिकायत दर्ज की जाती है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
