

रांची: रोटरी क्लब ऑफ रांची की फेलोशिप मीटिंग में आयोजित “थिंक बिफोर यू क्लिक” जागरूकता सत्र में विशेषज्ञों ने सदस्यों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल ठगी और ऑनलाइन सुरक्षा के गुर सिखाए। रांची में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 366पीआई कंसल्टिंग और फ्लो कार्ड के सीईओ अमितेश आनंद ने बढ़ते साइबर अपराधों, डिजिटल पहचान की चोरी, पेमेंट व पासवर्ड फ्रॉड और साइबर अरेस्ट जैसे गंभीर मामलों पर चिंता जताई।





उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं, इसलिए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या निजी जानकारी साझा करने से पहले उसकी पुष्टि करना बेहद जरूरी है।
सुरक्षा का मूल मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति को क्लिक करने से पहले रुकना चाहिए, विश्वास करने से पहले जांच करनी चाहिए और कोई भी जानकारी साझा करने से पहले उसे सुरक्षित करना चाहिए।
क्लब के अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में थोड़ी सी लापरवाही बड़े आर्थिक और व्यक्तिगत नुकसान का कारण बन सकती है, जिससे बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन प्रवीण राजगढ़िया ने इस सत्र को सभी सदस्यों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर पूर्व गवर्नर जोगेश गंभीर, सचिव शालिनी सिंघानिया, भंडारी लाल, शाहिद पाल, मुकेश तनेजा, सुमित अग्रवाल, एनके मखीजा और अनुराग गुप्ता समेत क्लब के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित थे।
